Saturday, August 15, 2026

स्वतंत्रता दिवस विशेष - अनंग शेखर छंद

अनंग शेखर छंद 
(सम वर्णवृत्त (दंडक श्रेणी))
लघु गुरू 16 युग्म 32 वर्ण
12--12--12--12--12--12--12--12
12--12--12--12--12--12--12--12.

प्रणाम शूरवीर को, प्रणाम मातृभूमि को,
सदा उड़े त्रिरंग यों, दिगंत भाल चूमता।
कली-कली खिली-खिली, दिशा-दिशा सजी-सजी,
उमंग प्राण में जगे, स्वतंत्र देश झूमता॥

सपूत-रक्त से सनी, पवित्र भूमि धन्य है,
अमूल्य दान से सदा, प्रताप-गान गूँजता।
मिटा सभी विभेद को, अखंड एकता रचें,
त्रिरंग शुभ्र वक्ष में, अजेय चक्र घूमता॥
त्रिरंग मध्य गर्व से, अजेय चक्र घूमता॥

प्रचंड प्राण-पुष्प से, पवित्र पुण्य-पात से,
प्रदीप्त प्रेम-पंथ में, प्रवीर प्राण गूँथता।
सशस्त्र शंख-नाद से, हिलीं विदेश-नीतियाँ,
समग्र शक्ति-शौर्य से, सगर्व वीर जूझता॥

स्वतंत्र-वीर को सदा, अनंत गर्व-भाव से,
पवित्र राष्ट्र-भक्ति ले, सदैव देश पूजता।
उसी प्रदीप्त मार्ग से, बढ़े महान देश यों,
नवीन प्रात-काल सा, अमंद तेज फूटता॥

- प्रत्यूष गौतम 

1 comment:

  1. वाह्ह्ह बहुत अद्भुत 👏

    ReplyDelete